लंबित राजस्व प्रकरणों के निराकरण के लिए राजस्व पखवाड़े का आयोजन
रायपुर
कमिश्नर रायपुर श्री ए.कुलभूषण टोप्पो ने रायपुर संभाग के सभी कलेक्टरों को राजस्व न्यायालयों में वर्षो से लंबित प्रकरणों के त्वरित निराकरण के लिए राजस्व पखवाड़ा आयोजित करने के निर्देश दिए है। उन्होंने कहा है कि राजस्व पखवाड़ा मार्च से मई के मध्य संचालित करने को कहा है।
कमिश्नर ने अपने पत्र में इस राजस्व पखवाड़ा के तहत नामांतरण, सीमांकन, बंटाकन, फौती, खाता दुरूस्तीकरण, बंदोबस्त त्रुटि सुधार, ऑनलाईन रिकार्ड दुरूस्तीकरण, नजूल पट्टों का नवीनीकरण, भू- अर्जन प्रकरण तथा मुआवजा वितरण, भू-राजस्व वसूली, परिवर्तित वार्षिक भू-भाटक, भूमि बंटन, अतिक्रमित भूमि का व्यवस्थापन, फ्री होल्ड, सर्वेक्षण जैसे प्रकरणों को विशेष अभियान चलाकर निराकृत करने को कहा है।
कमिश्नर ने कलेक्टरों से कहा है कि वे अपने जिलों में राजस्व अधिकारियों से समीक्षा बैठक आयोजित करें और यह सुनिश्चत करें कि जो समय-सीमा लोकसेवा गांरटी अधिनियम के तहत निर्धारित है उसका कराई से पालन किया जाए। उन्होनें ये भी कहा है कि इस संबंध में राजस्व अधिकारियों-कर्मचारियों द्वारा की गई शिथिलता को गंभीरता से लिया जाएगा और उनके विरूद्व अनुशासनात्मक कार्यवाही की जाएगी।
कमिश्नर ने कलेक्टरों से यह भी कहा है कि वे अधीनस्थ जिलों के राजस्व न्यायालयों का नियमित रूप से अवलोकन करें और उनकी समीक्षा करें। यह पखवाड़ा 15 से 31 मार्च, 12 से 27 अप्रैल तथा 17 से 31 मई तक आयोजित किया जाएगा। कमिश्नर ने सभी अनुविभागों, तहसीलों और उप तहसीलों में राजस्व पखवाड़ा समय-सारणी प्रदर्शित करने को कहा है।

पाठको की राय